मन की शक्ति ही सबकुछ TPSG Saturday, May 4, 2019, 08:56 AM मन की शक्ति ही सबकुछ हेनरी इरविंग इंग्लैंड के बेहद लोकप्रिय अभिनेता थे। लोग उनकी एक झलक पाने को बेताब रहते थे। लगातार कठिन परिश्रम करने व पूरा आराम न मिल पाने के कारण वह बीमार रहने लगे। किंतु बीमार रहते हुए व कमजोर होने पर भी उनका परिश्रम करने का स्वभाव नहीं बदला और वह निरंतर मंच पर अभिनय करते रहे। उनके शुभचिंतक उनके गिरते स्वास्थ्य को लेकर बेहद चिंतित रहते थे। एक बार उन्हें बैकेट का अत्यंत शक्तिशाली किरदार मिला। उसके लिए हेनरी इरविंग काफी मेहनत कर रहे थे। इतना परिश्रम करते देख डाॅक्टरों ने उन्हें अभिनय करने से मना कर दिया, मगर वह खाली बैठ ही नहीं सकते थे। इसलिए उन्होंने डाॅक्टरों की बात अनसुनी कर काम जारी रखा। एक दिन अचानक उनका स्वास्थ्य खराब होने पर डाॅक्टरों ने कहा कि यदि आपने फौरन काम करना बंद नहीं किया तो शायद आप कल की सुबह न देख पाएं। डाॅक्टरों की यह चेतावनी सुनने के बाद इरविंग थोड़ा मुस्कुराए, फिर मंच पर आ गए। उन्होंने उस रात अविस्मरणीय अभिनय किया। उनका उस रात का अभिनय देख कर लोग दंग रह गए। अगले दिन सुबह इरविंग स्वस्थ-प्रसन्न बैठे थे। डाॅक्टरों की भविष्यवाणी गलत साबित हो गई। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, मन की शक्ति ही सब कुछ होती है। हम इसी के बूते जीते हैं। यदि आप मन से दृढ़ हैं, तो आप कठिन से कठिन चीजों को भी पा सकते हैं, किंतु यदि आप इस स्तर पर दुर्बल हैं, तो फिर आपके जीवन की राह कठिन हो जाएगी। यदि आप जीतना चाहते हैं तो मन को मजबूत बनाइए। - टीपीएसजी Tags : comfort complete persistent glimpse People England popular