शरीर को फिट रखना बहुत जरूरी Siddharth Bagde tpsg2011@gmail.com Saturday, February 23, 2019, 09:19 PM चालिस साल की उम्र में फिट रहना बहुत जरुरी है। यूनिवर्सिटी ऑफ रेनेस की रिसर्च ने किया समर्थन। 40 ही नहीं 60 की उम्र में भी व्यायाम लाभदायक। व्यायाम करने का अर्थ सिर्फ भारी कसरत ही नहीं। क्या आप 40 की उम्र पार करने वाले हैं और इस बात से परेशान हैं कि आपकी फिटनेस दिन पर दिन खराब होती जा रही है ? अक्सर लोग चालीस की उम्र आते-आते खुद को बुढ़ा मानना शुरू कर देते हैं और व्यायाम नहीं करते। यह एक ऐसी उम्र होती है जिसमें शरीर ढलना शुरू होता है और खूबसूरती भी जाती रहती है, लेकिन 40 की उम्र में फिट रहना बहुत जरुरी है क्योंकि उम्र के इस पड़ाव में शरीर पर मोटापा बढने लगता है और पाचन तंत्र भी कमजोर हो जाता है। यह उम्र का वह पड़ाव है जिसमें आपको अपने शरीर पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है। रोज समय पर ब्रेकफास्ट करना, नियमित एक्सरसाइज करना, खुद को सकारात्मक रखने जैसी आदतें आपको 40 की उम्र के बाद भी स्वस्थ और सुंदर बनाए रखती हैं। तो चलिए जानते हैं कि 40 की उम्र में एक्सरसाइज का क्या महत्व है। जब आप 40 साल के होने लगें तो एक्सरसाइज करना शुरु करना आपके लिए बहुत जरुरी है। इससे आप हमेशा फिट रहेंगे और आपको कोई बीमारी भी नहीं होंगी। क्या कहता है शोध यदि आप इस वजह से जिम की शुरुआत नहीं कर पा रहे हैं कि आपकी उम्र चालीस पार कर गई है, तो आप गलत हैं। हाल में हुए एक शोध से पता चला है कि चालीस की उम्र हो जाना जिम की शुरुआत करने के लिहाज से बहुत ज्यादा नहीं है और जरूरी भी है। फ्रांस स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ रेनेस की रिसर्च यूनिट ‘‘इंसर्म 1099’’ के डेविड मेटलोट ने बताया कि बहुत से व्यायाम का प्रभाव हृदय स्वास्थ्य पर होता है और यह इस बात पर कतई निर्भर नहीं करता है कि जिम की शुरुआत किस उम्र में की गई है। इस अध्ययन में 55 से 70 साल की उम्र के बीच के चालीस स्वस्थ लोगों को शामिल किया गया था। इस अध्ययन में उनके व्यायाम के प्रकार और तीव्रता के साथ-साथ इस बात का भी अध्ययन किया गया कि उन्होंने किस उम्र में जिम करना शुरु किया था। अध्ययनकर्ताओं ने उनके दिल की धड़कन, ग्राह्य ऑक्सीजन की मात्रा जैसे जरूरी स्वास्थ्य मानकों पर सभी प्रतिभागियों को परखा। अध्ययन में पाया गया कि वे सभी लोग जो नियमित रूप से व्यायाम कर रहे थे, उनका स्वास्थ्य व्यायाम ना करने वाले प्रतिभागियों कि तुलना में बेहतर था और यह भी पता चला कि उन पर व्यायाम शुरू करने की उम्र से कोई प्रभाव नहीं पड़ा। प्रतिभागियों में से कुछ ने 30 की उम्र से पहले जिम की शुरुआत की थी, जबकि कुछ ने 40 की उम्र के बाद जिम जाना शुरू किया था। बढ़ती उम्र में व्यायाम पर अन्य शोध कुछ शोधकर्ताओं का मानना है कि 40 ही नहीं 60 की उम्र में भी व्यायाम शुरू करना खराब सेहत और डिमेंशिया से आपको बचा सकता है। ब्रिटिश जर्नल ऑफ स्पोर्ट्स मेडिसिन में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार अध्ययनकर्ताओं ने 3,500 ऐसे स्वस्थ लोगों का सर्वेक्षण किया था जो या तो सेवानिवृत्त हो चुके थे या होने वाले थे। अध्ययन के अनुसार जिन लोगों ने व्यायाम शुरू किया, वे अपनी उम्र के दूसरे लोगों की अपेक्षा आठ वर्ष अधिक स्वस्थ बने रहे। जिन लोगों ने 60 साल की आयु में व्यायाम शुरू किया, उन्हें रोजामर्रा के काम जैसे कपड़े धोने आदि में कम परेशानी हुई। 8 वर्षों तक इन लोगों पर नजर रखकर पता चला कि सर्वे में शामिल प्रतिभागियों में बीस प्रतिशत लोगों को कोई बड़ी मानसिक या शारीरिक बीमारी नहीं थी। प्रतिभागियों के इस समूह में अधिकतर ऐसे लोग थे, जो हमेशा से व्यायाम करते रहे थे। इनके अलावा वे लोग भी थे, जिन्होंने इसकी शुरुआत बाद में की थी। इसमें ऐसे लोग भी थे शामिल थे, जिन्होंने कभी व्यायाम किया ही नहीं था। शोधकर्ताओं का मानना है कि ताउम्र व्यायाम करना एक आदर्श स्थिति है, पर यदि आप देर से भी शुरू करते हैं, तो भी यह स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद ही होता है। व्यायाम करने का अर्थ सिर्फ जिम में भारी-भारी डम्बल उठाना ही नहीं होता, शारीरिक रूप से क्रियाशील रहना और हल्का-फुल्का व्यायाम व जॉगिंग आदि भी आदर्श व्यायाम की श्रेणीं में ही आते हैं। - संग्रहक - तक्ष प्रज्ञाषील गाथा Tags : Yayam